मान्यता की जांच करने पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी,बंद मिला विद्यालय।
विद्यालय की वैन की चपेट में आने से शुक्रवार को मासूम की हुई थी मौत।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगी।
आजमगढ़।
सगड़़ी जीयनपुर कोतवाली के अजमतगढ़ बाजार में स्कूली वैन की चपेट में आने से चार नवम्बर को मासूम छात्र की मौत के मामले में शुक्रवार को अपरान्ह स्कूल की मान्यता की जांच करने पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी अजमतगढ़ निर्भय नारायण सिंह को विद्यालय में ताला बंद मिला। आसपास कोई बोर्ड भी नहीं मिला। अजमतगढ़ ब्लॉक के चुनुगापार गांव सेंट जॉन्स लिटिल पब्लिक स्कूल चलता है। 4 नवंबर को विद्यालय की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर पर छोड़ने के लिए अजमतगढ़ बाजार गई थी। गाड़ी से उतर रहे शिव कुमार चौरसिया निवासी अजमतगढ़ का साढ़े चार वर्षीय पुत्र आद्यांस वैन की चपेट में आ गया जिससे कुचलकर उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। चालक की लापरवाही से मासूम की हुई मौत ने सब को झकझोर के रख दिया। जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन गिरफ्तार नहीं कर पाई। कार्रवाई और मदद को लेकर परिवार के लोगों ने गुहार लगाया लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी अजमतगढ़ शुक्रवार को अपरान्ह विद्यालय की जांच करने पहुंचे लेकिन वहां ताला बंद मिला। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यहां किसी तरह का बोर्ड भी नहीं है और ना ही विद्यालय के पास कोई मान्यता है। मौके पर मिली एक महिला ने बताया कि कुछ दिनों से विद्यालय चल रहा था। मान्यता का प्रयास किया जा रहा है। बीईओ ने कहा कि मौके की स्थिति से बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया जाएगा और उनके निर्देशानुसार कार्यवाही की जाएगी।
No comments:
Post a Comment