अंजान शहीद में बन रहा अमृत सरोवर एक दिन की बरसात में ही धराशायी।
मामूली बरसात मे ही धराशायी हो गई अमृत सरोवर की सीढ़ियां।
ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जताया विरोध जांच की मांग।
पूर्व प्रधान ने मानक के विपरीत काम का पहले ही लगाया था आरोप।
खंड विकास अधिकारी ने कहा जांच के बाद होगी कार्रवाई।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगी।
आजमगढ़।
सगड़ी अजमतगढ़ ब्लॉक के अंजान शहीद गांव में लगभग 35 लाख की लागत से बन रहे अमृत सरोवर की सीढ़ियां मामूली बरसात भी नहीं झेल पाईं और मंगलवार को भरभरा कर धराशाई हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने अमृत सरोवर के पास पहुंचकर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
पूर्व प्रधान ने दो 2 माह पूर्व भी मानक के विपरीत हो रहे काम की शिकायत खंड विकास अधिकारी से किया था। जिसपर जांच का आश्वासन दिया गया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
अंजान शहीद गांव में स्थित मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के पास लगभग 35 लाख की लागत से 2 माह पूर्व अमृत सरोवर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। प्रधान द्वारा कराए जा रहे काम पर एतराज जाहिर करते हुए पूर्व प्रधान सुबहान खान ने 27 मई को खंड विकास अधिकारी अजमतगढ़ को शिकायती पत्र देते हुए कहा था कि प्रधान द्वारा मानक के विपरीत काम किया जा रहा है और धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। गांव में दो पोखरिया होने के बावजूद जिस पोखरी में कई जगहों का गंदा पानी बहता है उसे मनमाने तरीके से अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने का प्रधान द्वारा काम किया जा रहा है। पूर्व प्रधान की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने जांच का आश्वासन दिया था। सुबहान खान का आरोप है कि शिकायत के बावजूद भी खंड विकास अधिकारी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई और मानक के विपरीत काम होता रहा। नतीजन मामूली बरसात के चलते ही मंगलवार को लाखों की लागत से बनाई गई सीढ़ियां भरभरा कर धराशाई हो गई। जिसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को देर शाम अमृत सरोवर के पास प्रदर्शन करते हुए विरोध किया और खंड विकास अधिकारी से जिम्मेदारों के प्रति कार्यवाही करने की मांग की। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि अमृत सरोवर के निर्माण में अभी किसी सरकारी धनराशि का भुगतान नहीं किया गया है। बावजूद इसके जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस दौरान गांव के दर्जनों लोग मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment