Sunday, September 1, 2024

नौ सेमी घटा घाघरा नदी का जलस्तर,चार स्थानों पर कटान जारी।

नौ सेमी घटा घाघरा नदी का जलस्तर,चार स्थानों पर कटान जारी।

खतरा निशान से 48 सेमी नीचे पहुंचा पानी।

खेतों मेें भरा पानी और रास्तों पर कीचड़ के बीच बढ़ा मच्छरों का प्रकोप।

15-20 हेक्टेअर कृषि भूमि नदी की धारा में हो चुकी है विलीन।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी तहसील के उत्तर में बहने वाली घाघरा नदी का जलस्तर घटने लगा है रविवार को जलस्तर में नौ सेमी की कमी दर्ज की गई। नदी खतरा निशान 71.68 मीटर से 48 सेमी नीचे बह रही है। रविवार को मुख्य माप स्थल बदरहुआ नाला के पास जलस्तर शाम 4:00 बजे 71.20 मीटर पर रहा जबकि शनिवार को 71.29 मीटर रिकार्ड किया गया था। पानी कम होने के साथ देवारा खास राजा ग्राम सभा के झगरहवा,बगहवा और बासू का पुरा ग्राम पंचायत पर्शिया में मंद गति से कटान जारी रहा।आसपास के किसानों ने बताया कि अभी नापी तो नहीं की गई है, लेकिन 15 से 20 हेक्टेअर कृषि भूमि इस वर्ष नदी की धारा में विलीन हो चुकी है। जलस्तर कम होने के साथ अब बाढ़ से राहत की उम्मीद तो जगने लगी है। लेकिन खेतों में पानी भरने और रास्तों पर कीचड़ से मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। दवाओं का छिड़काव न होने से रातों की नींद तो मुश्किल हो ही गई है। लोग सर्दी, जुकाम और बुखार के शिकार भी होने लगे हैं। दूसरी ओर खेतों में अभी भी पानी होने के कारण हरे चारे की समस्या बनी हुई है।ग्रामीण महुला-गढ़वल बंधे के दक्षिण से अभी भी 5 से 6 किलोमीटर की दूरी तय करके पशुओं के लिए हरा चारा लेकर घर जा रहे हैं। इस बीच 55 वें दिन बैराजों से पानी छोड़े जाने की खबर नहीं मिली थी। फिर भी जलस्तर में तीन महीने उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अलर्ट है।

No comments:

Post a Comment