जिला अधिकारी के आदेश पर लेखपाल के विरुद्ध दर्ज हुआ मुकदमा।
ग्रामसभा की संपत्तियों के संरक्षण,अंश निर्धारण तथा अभिलेखीय त्रुटियों के सुधार में लापरवाही और आदेश की बार बार अवहेलना पर हुई कार्रवाई।
भुवना बुजुर्ग गांव में जिलाधिकारी के चौपाल में जिला अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कर निलंबन का दिया था आदेश।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।
आजमगढ़।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के राजस्व ग्राम भुवना बुजुर्ग में जिलाधिकारी के चौपाल के दौरान योजनाओं के सत्यापन रिपोर्ट में ग्रामसभा की जमीनों पर अवैध कब्जे और सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को लेकर लेखपाल के खिलाफ जिलाधिकारी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराने हेतु तहरीर दी गई है यह तहरीर राजस्व निरीक्षक समोधी राम द्वारा थाना कोतवाली जीयनपुर में दी गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, 9 मई 2026 को राजस्व टीम द्वारा ग्रामसभा की संपत्तियों की जांच और सीमांकन किया गया। जांच के दौरान खाद गड्ढा गाटा संख्या 96 पर पक्का मकान एवं सहन बनाकर कब्जा पाया गया। वहीं चकमार्ग गाटा संख्या 460 तथा नाली गाटा संख्या 641 पर भी जोत-बोकर अवैध कब्जा मिलने की बात कही गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ग्राम भुवना बुजुर्ग में तैनात लेखपाल सुरजीत कुमार पिछले दो वर्षों से क्षेत्र में कार्यरत हैं और भूमि प्रबंधन समिति के पदेन सचिव होने के बावजूद उन्होंने सार्वजनिक संपत्तियों पर हुए अतिक्रमण की रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी तहसीलदार सगड़ी के समक्ष प्रस्तुत नहीं की। इसे उत्तर प्रदेश राजस्व नियमावली 2016 के नियम 66 एवं नियम 195 के तहत गंभीर लापरवाही और अपचार बताया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की जनहित याचिका संख्या 2923/2025 में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ग्रामसभा की जमीनों पर अतिक्रमण की सूचना निर्धारित प्रपत्र पर प्रस्तुत न करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316 के तहत आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाए। राजस्व निरीक्षक ने आरोप लगाया कि उच्चाधिकारियों के बार-बार निर्देश और समीक्षा के बावजूद लेखपाल द्वारा ग्रामसभा की संपत्तियों के संरक्षण, अंश निर्धारण तथा अभिलेखीय त्रुटियों के सुधार में लापरवाही बरती गई। मामले में लेखपाल सुरजीत कुमार के खिलाफ उच्च अधिकारियों के आदेश पर जीयनपुर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच व तलाश में जुट गई है।
No comments:
Post a Comment