Sunday, May 17, 2026

ग्राम प्रधान सहित पांच के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा फर्जी पांडुलिपि तैयार कर मतदाता सूची में हेरफेर कराने का आरोप।

ग्राम प्रधान सहित पांच के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा फर्जी पांडुलिपि तैयार कर मतदाता 
सूची में हेरफेर कराने का आरोप।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद थाना जीयनपुर में ग्राम पंचायत अंजान शहीद के प्रधान मो.अजीम नोमान समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में फर्जी हस्ताक्षर कर मतदाता सूची में अवैध रूप से नाम बढ़ाने और हटाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के अनुसार तहसील सगड़ी में तैनात राजस्व निरीक्षक महेन्द्रनाथ उपाध्याय ने आरोप लगाया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से संबंधित पांडुलिपि कार्य के दौरान विकास खंड अजमतगढ़ में फर्जी पांडुलिपि को मूल अभिलेखों के साथ शामिल कर दिया गया। जांच में सामने आया कि ग्राम सभा अंजान शहीद के वार्ड संख्या 10 से 15 तक की पांडुलिपि में 62 मतदाताओं का परिवर्धन तथा 42 मतदाताओं का विलोपन दर्शाया गया था। आरोप है कि विकास खंड अजमतगढ़ में तैनात सफाई कर्मचारी संतोष भाष्कर ने ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम,प्रधान के सहयोगी नदीम अहमद, झीनक कुमार तथा अक्षय कुमार के प्रभाव में आकर फर्जी पांडुलिपि जमा की। इसमें बीएलओ,सुपरवाइजर तथा उच्च अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। शिकायत के बाद गठित जांच टीम की रिपोर्ट में भी अनियमितता की पुष्टि होने की बात कही गई है। राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने प्रधान मोहम्मद अजीम,संतोष भाष्कर समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर,धोखाधड़ी और सरकारी अभिलेखों में कूट रचना जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment