Tuesday, December 30, 2025

रोडवेज बस से कुचलकर बहन की मौत,भाई घायल।

रोडवेज बस से कुचलकर बहन की मौत,भाई घायल।

भाई के साथ बाइक से दवा लेने जाते समय रास्ते में हुआ हादसा।

जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बाजार की घटना,बस सहित चालक गिरफ्तार।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बाजार में मंगलवार की सुबह भाई के साथ बाइक से दवा लेने जा रही बहन मेंघई गांव निवासी 35 वर्षीय शशिकला चौहान की अचानक सड़क पर गिर जाने से पीछे से आ रहे रोडवेज बस से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर बस चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए थाने ले आई। मेंघई गांव निवासी शशिकला अविवाहित थी। चार बहन एक भाई में सबसे बड़ी थी। कई दिनों से शशिकला की तबीयत खराब चल रही थी। सुबह अपने बड़े भाई बब्लू चौहान के साथ बाइक से दवा लेने के लिए जा रही थी। जीयनपुर चौराहे के पास पहुंची कि अचानक सड़क के किनारे बने गड्ढे में बाइक चली गई। इस दौरान शशिकला बाइक से दाहिने तरफ गिर गई। तभी पीछे आ रही तेज रफ्तार आजमगढ़ डिपो की सवारी लेकर गोरखपुर जा रही रोडवेज बस कुचलते हुए आगे निकल गई। हालाकि सुबह का समय था चौराहे पर तमाम लोग चाय-पानी के लिए इकट्ठा हुए थे,लोगों ने हो-हल्ला मचाया तो क्षेत्र में हलचल मच गई और बस लेकर भाग रहे चालक को बाजारवासियों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले आई।इसके बाद सवारी को दूसरी बस के माध्यम से करीब एक घंटे बाद गंतव्य  स्थान भेजा गया। मौत की खबर से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

No comments:

Post a Comment