बिजली विभाग के ठेकेदार की कनपटी में गोली मारकर हत्या, झाड़ी में मिला शव।
मृतक के सीने पर रखा मिला तमंचा,जेब से मिला सुसाइड नोट।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।
आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के इमिलिया गांव के पास स्थित पुलिया के पास बिजली विभाग के ठेकेदार 52 वर्षीय जयप्रकाश लाल श्रीवास्तव की शुक्रवार को भोर में गोली मारकर अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। हत्या कर बदमाशों ने शव को पुलिया के पास स्थित झाड़ी में फेंक दिया और मृतक के सीने पर तमंचा रख दिया। सुबह टहलने गए लोगों ने मृतक को देखा तो इसकी सूचना इमिलिया पुलिस चौकी को दी।मौके पर पहुंचीं इमिलिया चौकी पुलिस ने इस बात की जानकारी अपने अधिकारीयों को दी।जानकारी होते ही सीओ सगड़ी शुभम तोदी और एसपी ग्रामीण चिराग जैन और जीयनपुर कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंच गए। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेज दिया गया। जांच के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई।
जीयनपुर कोतवाली के पुरुषोत्तमपुर कैथौली गांव के निवासी जयप्रकाश लाल श्रीवास्तव पुत्र रामनारायन लाल बिजली विभाग में निविदा पर विद्युत उपकेंद्र अमुवारी नरायनपुर में लाइनमैन का काम करते थे। पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने निविदा की नौकरी छोड़ दी थी और विभाग में ही बिजली का पोल लगाने की ठेकेदारी के साथ जमीनों के लेनदेन का भी धंधा करते थे। मृतक ने कुछ समय पहले शहर कोतवाली के पटखौली में मकान बना लिया था। जहां पर उनकी पत्नी और दो बच्चे रहते हैं। मृतक की पत्नी सरिता श्रीवास्तव प्राथमिक विद्यालय उमरौलादेह मुबारकपुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। मृतक का पत्नी से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। 2022 में सरिता श्रीवास्तव ने मृतक के खिलाफ आजमगढ़ शहर कोतवाली में भादवि की धारा 377 के तहत घरेलू हिंसा और तलाक का मुकदमा भी दर्ज कराया था। शुक्रवार को सुबह इमिलिया पुलिस चौकी के पास झाड़ी में मृतक का शव पड़ा हुआ था। जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे सीओ और एसपी ग्रामीण ने घटनास्थल के आसपास का भी निरीक्षण किया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर सभी तथ्यों की जानकारी ली जा रही है। मृतक के पॉकेट से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट की भी सत्यता की जांच की जा रही है। मौत के अन्य कारणों की भी गहनता से जांच हो रही है। जांच में फॉरेंसिक टीम का भी सहयोग लिया जा रहा है।=========
ठेकेदार की हत्या के चाहे जो भी कारण हो लेकिन दबी जुबान से लोग इसे आशनाई का भी मामला बता रहे हैं। मृतक का उसकी पत्नी से काफी दिनों से विवाद चल रहा था।जिसके चलते वह अकेले ही रहता था।एक विवाहित महिला से उसका अवैध संबंध होने की भी बात कही जा रही है। कुछ दिन पहले मृतक ने अमुवारी नरायनपुर में ही दो बिस्वा जमीन लेकर घर बनवाना शुरू किया था। बिजली विभाग की ठेकेदारी मे कई लोग मृतक के साथ हिस्सेदार थे। ठेकेदारी के विवाद में भी हत्या की आशंका के बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है।
No comments:
Post a Comment