Friday, April 26, 2024

अज्ञात कारणों से लगी आग से रिहायसी मड़ई जलकर राख।

अज्ञात कारणों से लगी आग से रिहायसी मड़ई जलकर राख।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली के पुनापार (पतौना) गांव में गुरुवार को देर शाम रिहायसी मड़ई मे अज्ञात कारणों से लगी आग से अशोक गोंड पुत्र शिवधनी गोंड की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। साथ ही मड़ई में रखा 10 हजार नकद सहित जेवर,कपड़ा, चारपाई,साइकिल,दो तखत रजाई गद्दा सहित घर मे रखा खाद्यान्न जल कर राख हो गया। जिससे पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे किसी तरह रात गुजारी।ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई गई। जहां तेज हवा के कारण आग कुछ ही देर में विकराल रूप धारण करके दो मड़ई को अपने आगोश में लेकर धू धू कर कर जलने लगा। ग्रामीणों ने पहुंचकर किसी तरह से दो मंडई बचा ली और आग नलकूप आदि चालू कर बढ़ती आग पर नियंत्रण कर लिया।हमेशा की तरह फायर ब्रिगेड काफी देर से पहुंची। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने भी आग बुझाने में ग्रामीणों के साथ सहयोग किया। पीड़ित परिजनों को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि यशवंत सिंह सोनू द्वारा आर्थिक मदद की गई। साथ ही साथ तहसील से पहुंचे लेखपाल ने आग से जले हुए घर गृहस्थी के सामानों की रिपोर्ट तहसीलदार को प्रेषित की।

प्रधान पति सहित तीन लोगों को मोबाइल फोन से मिली धमकी,अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

लोन का पैसा वापस दिलाओ नहीं तो जान से धोना पड़ेगा हाथ।

प्रधान पति सहित तीन लोगों को मोबाइल फोन से मिली धमकी,अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पूनापार बड़ागांव के प्रधानपति यशवंत सिंह सहित तीन लोगों के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने लोन का पैसा ना जमा करवाने पर जान मारने की धमकी दी है।शुक्रवार को यशवंत सिंह की तहरीर पर जीयनपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया और 
जांच में जुटी है। प्रधान पति यशवंत सिंह,राजेश और सुरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से जीयनपुर कोतवाली में तहरीर के माध्यम से बताया कि पिछले तीन दिनों से एक नंबर से फोन आ रहा है।फोन करने वाले ने धमकी देते हुए कहा कि गौरव मिश्रा ने आठ लाख का लोन लिया है। जिसमें तुम लोगों ने गारंटी लिया है। मेरा पैसा तुरंत वापस दिलवा दो नहीं तो सबको मार डालूंगा। यशवंत सिंह ने फोन का ऑडियो रिकॉर्ड कर जीयनपुर पुलिस को प्रार्थना पत्र के साथ सौंप दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर विधि करवाई में जुटी है।इस संबंध में प्रधानपति यशवंत सिंह ने बताया कि में किसी भी व्यक्ति के लोन में गारंटी नहीं लिया है। फर्जी तरीके से कोई व्यक्ति परेशान करने की नीयत से लगातार हम लोग की मोबाइल पर फोन कर रहा है। मना करने पर भद्दी-भद्दी गालियां दे रहा है।

जीयनपुर चौक की समस्या का नहीं हुआ समाधान तो व्यापारी नही करेंगे मतदान ।

जीयनपुर चौक की समस्या का नहीं हुआ समाधान तो व्यापारी नही करेंगे मतदान ।

जाम की समस्या से जूझ रहे जीयनपुर के व्यापारी,जाम की वजह से दुकानों पर नही आते ग्राहक।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी तहसील की प्रमुख बाजार जीयनपुर के चौक पर रोज-रोज के जाम से लोग आजीज हो गए हैं। हर रोज सुबह से दोपहर तक और 4:00 बजे शाम से 8:00 बजे रात तक इस मार्ग पर जाम लगा रहता है। इस समस्या से तंग जीयनपुर के व्यापारी अब मुखर होने लगे हैं। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री सहित उच्च अधिकारियों को पत्र भेज कर नगर के बाहर बाईपास बनवाने की मांग की है। ऐसा न होने पर बाईपास नहीं तो वोट नहीं का निर्णय भी व्यापारी शीघ्र लेने का मन बना रहे हैं। जीयनपुर चौराहे से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग दर्जनों जिलों के साथ-साथ भारत और नेपाल देशों को भी जोड़ता है। जिसके चलते हर मिनट मे कम से कम दो वाहन पास होते हैं। नगर पंचायत जीयनपुर घनी आबादी के बीच बसा है। चौक पर सड़क के किनारें पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण भी यह समस्या और गंभीर हो जाती है। शादी विवाह के समय तो जाम की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। स्कूलों की छुट्टी के समय भी जाम बना रहता है जिससे बच्चों को घर पहुंचने में दिक्कत होती है।आम आदमी को कौन कहे मरीज को ले जाने वाले एम्बुलेंस तक जाम में फंसे रहते हैं। नगर पंचायत में ना तो पार्किंग की व्यवस्था है नहीं ट्रैफिक की। नगर पंचायत के अतिक्रमण को हटाने का कई बार प्रयास किया लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। व्यापार मंडल जीयनपुर के अध्यक्ष मनीष कुमार चौरसिया और ज्ञानेंद्र मिश्रा ने समस्या के समाधान 
के लिए मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर नगर के बाहर बाईपास बनवाने की मांग की है। मनीष चौरसिया ने बताया है कि यदि बाईपास नहीं बना तो व्यापार मंडल लोकसभा चुनाव में वोट का बहिष्कार करने का निर्णय भी शीघ्र लेगा। क्योंकि आए दिन लग रहे जाम से व्यापार पूरी तरह से चौपट होता जा रहा है और स्थानीय स्तर पर कोई भी अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।

Thursday, April 25, 2024

जिलाबदर अपराधी तंमचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार।

जिलाबदर अपराधी तंमचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने एक अपराधी को तंमचा और कारतूस के साथ किया गिरफ्तार। संजय राम पुत्र जूठन उर्फ जिवधन निवासी ग्राम छपरा सुल्तानपुर जीयनपुर के विरूद्ध NIL/2022 धारा 3/4 गुण्डा नियत्रण अधिनियम पंजीकृत हुआ था। जिसकी सुनवाई अपर जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ में चल रही थी। बाद सुनवाई अपर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा अभियुक्त संजय राम पुत्र जूठन उर्फ जिवधन निवासी ग्राम छपरा सुल्तानपुर जीयनपुर को दिनांक 10,4,202 4 से 06 माह के लिये जनपद आजमगढ़ की सीमाओ में प्रवेश न करने का आदेश पारित किया था। आदेश की प्रति अभियुक्त संजय राम को 23,4,2024 को तामिल करायी गयी थी। अपर जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेश के क्रम 25,04,2024 को उ0नि0 सुभाष तिवारी मय हमराह को सूचना मिली कि संजय राम पुत्र जूठन उर्फ जिवधन निवासी ग्राम छपरा सुल्तानपुर जो जिला बदर है वह जिले से बाहर न रहकर अपने घर आता जाता रहता है और जनपद मे ही रह रहा है। वह इस समय रजादेपुर मोड़ से हरैया जाने वाले रास्ते पर है। मुखबिर की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुँचकर उक्त जिलाबदर अपराधी संजय राम पुत्र जुठन उर्फ जिवधन को एक तंमचा 12 बोर व 01 जिन्दा कारतूस के साथ 12:40 बजे के करीब गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर थाना जीयनपुर पर धारा 10 गुण्डा नियंत्रण अधियम व मु0अ0स0 174/2024 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का चालान न्यायालय किया गया।

शराब पीकर गाली दे रहे युवक से भिड़ी महिला की जमीन पर गिरने से मौत।

शराब पीकर गाली दे रहे युवक से भिड़ी महिला की जमीन पर गिरने से मौत।

स्वजनों ने लगाया युवक पर हत्या का आरोप। 

पुलिस मान रही हार्ट अटैक से मौत।

पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया शव।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओलमापुर रकबा दलित बस्ती में बुधवार की रात में शराब पीकर गाली दे रहे एक युवक से गायत्री देवी पत्नी श्रीराम भीड़ गई। इस दौरान जमीन पर गिरने से उसकी मौत हो गई। स्वजनों ने पड़ोसी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वही पुलिस हार्ट अटैक से महिला की मौत  मानकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ओलमापुर रकबा दलित बस्ती में बुधवार की रात में शराब के नशे में एक व्यक्ति गाली दे रहा था। इस बात को लेकर पड़ोस की  महिला गायत्री देवी पत्नी श्रीराम उससे उलझ गई और आपस में वाद विवाद होने लगा। वाद विवाद के दौरान हाथापाई हो गई। तभी अचानक गायत्री देवी जमीन पर गिर गई और बेहोश हो गई। आनन फानन में स्वजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजमतगढ़ लें गए,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को मृतका के पति ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही रामसूरत पर हत्या करने का आरोप लगाया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जीयनपुर  विवेक कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टिया मामला हार्ट अटैक से मौत का है। गांव के कई लोगों का बयान लिया गया है। जिन्होंने बताया कि इसके पहले भी उसे दो बार हार्ट अटैक हो चुका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता लग पाएगा। अभी इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।

Wednesday, April 24, 2024

शत प्रतिशत मतदान करके देश के प्रगति में बने सहायक::राजकुमार बैठा न्यायिक मजिस्ट्रेट

शत प्रतिशत मतदान करके देश के प्रगति में बने सहायक::राजकुमार बैठा न्यायिक मजिस्ट्रेट 

वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में मतदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
 
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी तहसील क्षेत्र में स्थित वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में न्यायिक उपजिलाधिकारी सगड़ी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम एवं भाषण प्रस्तुतियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवगोबिंद सिंह ने कहा कि स्कूल में हम जिम्मेदार नागरिकों के पोषण में विश्वास करते हैं जो सक्रिय रूप से समाज में योगदान करते हैं। मतदान जागरूकता रैली ने हमारे छात्रों और समुदाय को अपने वोट की ताकत और हमारे सामूहिक भविष्य को आकार देने पर इसके प्रभाव को समझने के लिए एक मंच प्रदान किया है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकुमार बैठा उपजिलाधिकारी न्यायिक सगड़ी ने अपने संबोधन में मतदाता पंजीकरण,सूचित निर्णय लेने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। सुबह की सभा में आकर्षक चर्चाओं और इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से उपस्थित लोगों को चुनावी प्रक्रिया और प्रत्येक व्यक्ति के वोट के महत्व के बारे में बहुमूल्य जानकारी दी गई। मतदान के अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के अलावा इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को आगामी चुनावों में भाग लेने के बारे में सावधान रहने के आह्वान के रूप में भी काम किया। प्रिंसिपल डॉली शर्मा ने आयोजन समिति,स्वयंसेवकों और सामुदायिक भागीदारों के प्रति आभार व्यक्त किया जिनके समर्पण और समर्थन ने कार्यक्रम को शानदार सफलता दिलाई। उन्होंने सभी को रैली के दौरान पैदा की गई नागरिक सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाने और हमारे लोकतंत्र के भविष्य को आकार देने में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अभिषेक पांडेय, अजय श्रीवास्तव,अभय सिंह, नीलम चौहान,सुनील तिवारी,तथा समस्त शिक्षण/शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

आजमगढ़ के लाल डॉ0 मुरलीधर सिंह को पीएचडी की उपाधि और मैडल देकर सम्मानित किया गया।

आजमगढ़ के लाल डॉ0 मुरलीधर सिंह को पीएचडी की उपाधि और मैडल देकर सम्मानित किया गया।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी तहसील क्षेत्र निवासी डॉ0 मुरलीधर सिंह को मिला पीएचडी की उपाधि क्षेत्र में हर्ष का माहौल। सहारनपुर स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी में वर्ष 2024 के भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षांत समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम में कुल 37 पीएचडी धारकों को उपाधि और मैडल प्रदान किया गया। इसमें आजमगढ़ के लाल डॉ0 मुरलीधर सिंह को भी मुख्य अतिथि ने उपाधि और मैडल देकर सम्मानित किया। डॉक्टर मुरलीधर सिंह आजमगढ़ जिले के छपरा सुल्तानपुर गाँव के रहने वाले हैं। उपाधि मिलने से पूरे गाँव में हर्ष का माहौल है। सभी लोग डॉ0 मुरलीधर सिंह को इस उपलब्धि के शुभकामनाएं दे रहे हैं। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व स्पेशल सेक्रेटरी एन,एच, रिज़वी ने उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि अब आपके जीवन यात्रा का दूसरा पड़ाव शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि बिना संघर्ष के सफलता नहीं मिलती है। सफलता प्राप्त करने के बहुत सारे सिद्धांत हैं। लेकिन तीन सिद्धांत सिंसियरटी,पंक्चुअलिटी और ऑनेस्टी प्रमुख हैं। इन तीन सिद्धांतों के साथ आप जीवन में आगे बढ़ेंगे तो अवश्य ही सफल होंगे।कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि एमटीएनएल एसटीपीआई आईटी सर्विस के सीईओ डॉ0 रजनीश अग्रवाल,पीवीसी प्रो0 जॉन फिनबे,रजिस्ट्रार प्रो0 एस.पी. पाण्डेय,पीवीसी प्रो0 सतीश के शर्मा, पीवीसी प्रो0 पी.के.मिश्रा ने भी संबोधित किया।दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो0 पी.के.भारती ने और संचालन डॉ0 रेशमा ताहिर, डॉ0 शोभा त्रिपाठी और डीएसडब्लू स्वर्णिमा सिंह ने किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर काफी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Monday, April 22, 2024

किराना व्यापारी के भाई की हत्या के मामले में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज,तीन लोग गिरफ्तार।

किराना व्यापारी के भाई की हत्या के मामले में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज,तीन लोग गिरफ्तार।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नथ्थूपुर गांव में चिंलगम की दाग छुड़ाने के मामूली विवाद को लेकर किराना व्यापारी की रविवार के दिन हुई हत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और हत्या करने का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी हुई थी।जिसमें तीन अभियुक्त गिरफ्तार भेजा गया जेल।नथ्थूपुर गांव में चिंलगम की दाग छुड़ाने को लेकर एक पक्ष ने चाकू गोंद कर अब्दुल कलाम की हत्या कर दी थी। मृतक के भाई केयामुद्दीन पुत्र नासिर ने जीयनपुर कोतवाली में रविवार को तहरीर देकर कहा कि उसकी गांव में ही किराना की दुकान है। 21 अप्रैल 2024 को गांव का ही अहमद पुत्र अजमल मेरी दुकान पर सामान लेने आया था।दीवाल पर लगे चिंलगम से उसके कपड़े में दाग लग गई। जिसे छुड़ाने के लिए उसने मेरे भतीजे अब्दुल करीम को कहा इसी बात को लेकर मेरे भतीजे और अहमद में विवाद हो गया। अहमद धमकी देते हुए चला गया। रविवार को मेरा भाई अब्दुल कलाम,भतीजा अराफ़ात और अबूजर मस्जिद से नमाज पढ़कर लगभग 8:30 बजे लौट रहे थे। तभी एक राय होकर अहमद,शाहबाज, रहमत और शादाब पुत्र गण अजमल ने हाथ में चाकू व पंच लेकर जान मारने की नीयत से मेरे भाई अब्दुल कलाम और भतीजे पर हमला बोल दिया। हमले में मेरे भाई की मौत हो गई। जबकि दोनों भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए।केयामुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने अहमद, शाहबाज,रहमत,शादाब निवासी नथ्थूपुर थाना जीयनपुर के खिलाफ जानलेवा हमला करने और हत्या करने का मुकदमा दर्जकर जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया।

मामूली विवाद में किराना व्यापारी की चाकू गोंदकर हत्या,मारपीट मे तीन घायल।

मामूली विवाद में किराना व्यापारी की चाकू गोंदकर हत्या,मारपीट मे तीन घायल।

कपड़े में लगे चिंलगम की दाग छुड़ाने को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नथ्थूपुर गांव में रविवार को रात में लगभग 8:30 बजे कपड़े में लगे दाग को छुड़ाने को लेकर चल रहे विवाद में एक पक्ष ने किराना व्यापारी अब्दुल कलाम की चाकू से गोद कर हत्या कर दी।
             (अब्दुल कलाम की फाइल फोटो)
बीच बचाव करने आए तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। नथ्थूपुर गांव में अब्दुल कलाम की किराना की दुकान है। शुक्रवार जुम्मे के दिन उसकी दुकान पर गांव का ही अहमद पुत्र अजमल सामान खरीदने के लिए गया था।दुकान के दीवार पर चिलगम चपकी हुई थी। सामान लेते समय अहमद के कपड़े में चिलगम का दाग लग गया।अहमद ने अब्दुल कलाम के बेटे अब्दुल करीम से दाग छुड़ाने को कहा तो उसने कहा कि में क्यूं दाग छुडाऊं। इसी बात को लेकर दोनों में जमकर कहा सुनी हो गई।धमकी देते हुए अहमद चला गया। रविवार को नमाज के बाद लगभग 8:30 बजे अहमद उसके भाई शाहबाज, रहमत और शादाब  ने नमाज पढ़कर लौट रहे अब्दुल कलाम,अरफात,अबूजर को घेर लिया और मारना पीटना शुरू कर दिया। घायल अब्दुल कलाम और दो अन्य लोगों को लेकर परिवार के लोग पहले जीयनपुर एक निजी अस्पताल में गए। डॉक्टर ने नाजुक स्थिति देते हुए तुरंत सदर अस्पताल के लिए अब्दुल कलाम को रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने अब्दुल कलाम को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामूली विवाद में हुई मारपीट में अब्दुल कलाम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसके तीन पुत्र और दो पुत्रियों का रो-रो कर  बुरा हाल है।

Saturday, April 20, 2024

चुनाव में खर्च होने वाले कालेधन पर पुलिस की नजर,वाहनों की शुरू हुई जांच।

चुनाव में खर्च होने वाले कालेधन पर पुलिस की नजर,वाहनों की शुरू हुई जांच। 

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी लोकसभा के चुनाव में काले धन को रोकने,अवैध असलहों को पकड़ने और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिस ने सगड़ी  में जगह-जगह नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है।
जैसे-जैसे लोकसभा का चुनाव नजदीक आता जा रहा है। पुलिस की चौकसी भी बढ़ती जा रही है। चुनाव में खर्च होने वाले काले धन पर क्षेत्र की पुलिस की सख्त नजर है।अवैध असलहे,काले धन और शरारती व्यक्तियों की तलाश के लिए पुलिस ने वाहनों की संघन जांच का अभियान शुरू कर दिया है। पिछले साल सगड़ी क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के दौरान कई जगह से भारी मात्रा में अवैध धन जांच के दौरान बरामद किया गया था। पुलिस चुनाव के दौरान होने वाले बेनामी धन के खर्चे पर रोक लगाने के लिए जगह-जगह गाड़ियों को रोककर चेक कर रही है लेकिन अभी तक कोई सफलता हासिल नहीं हुई है। गोपालपुर विधानसभा के मधनापार मोड़ के पास गुरुवार को जांच कर रहे बिलरियागंज के प्रभारी संजय कुमार,अभिषेक कुमार और कृषि विभाग के धर्मदेव ने बताया कि वाहनों की जांच की जा रही है। जिस में संदिग्ध व्यक्ति,बेनामी धन और अवैध हथियारों पर विशेष रूप से नजर रखी जा रही है।

सगाई के दिन ही युवक ने वायरल कर दिया लड़की की अश्लील वीडियो,टूटी सगाई।

सगाई के दिन ही युवक ने वायरल कर दिया लड़की की अश्लील वीडियो,टूटी सगाई।

दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज,आरोपित युवक गिरफ्तार।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ला नगर पंचायत जीयनपुर के निवासी पुनीत जायसवाल पुत्र अशोक जायसवाल ने कोतवाली क्षेत्र की एक युवती का अश्लील वीडियो तीन दिन पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके चलते युवती की सगाई टूट गई। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की माता ने जीयनपुर कोतवाली में गुरुवार को तहरीर देकर बताया कि पति और पुत्र की मृत्यु के बाद वह अपनी छोटी पुत्री के साथ रहती है। 17 अप्रैल 2024 को आजमगढ़ जनपद के एक मैरिज हॉल में लड़की की सगाई करके होटल से अभी घर लौटे ही थे कि उसके रिश्तेदारों ने फोन कर बताया कि वायरल न्यूज नामक व्हाट्सएप ग्रुप से उसकी लड़की का गंदा वीडियो वायरल किया गया है। जिसको लेकर रिश्तेदारों ने उसकी सगाई तोड़ दी।तहरीर में युवती की मां ने कहा कि 17 अप्रैल 2024 को शाम मेरी लड़की जब पार्लर में पेमेंट करने के लिए गई थी तो पुनीत जायसवाल ने टेलीग्राम से मैसेज करके खुद से सगाई करने तथा 2 लाख रुपए देने की बात कही ऐसा न करने की स्थिति में उसने पुत्री को बर्बाद करने की धमकी दी। पुनीत ने कुछ दिन पूर्व मेरी पुत्री को कोल्ड ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर धोखे से पीला दिया और बलात्कार कर वीडियो भी बना लिया। लोक लाज और उसके भय के कारण यह बात किसी से नहीं बताया गया। बावजूद इसके वह बार-बार जान मारने की धमकी देता रहा है। मां की तहरीर पर पुलिस ने पुनीत जायसवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

एसडीएम ने किया गेहूं क्रय केंद्र और मतदेय स्थल का निरीक्षण।

एसडीएम ने किया गेहूं क्रय केंद्र और मतदेय स्थल का निरीक्षण।

लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं की खरीद न होने पर जताई नाराजगी।

मतदेय स्थलों पर तत्काल सुनिश्चित हो मूल व्यवस्थाएं।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी उपजिलाधिकारी सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार ने शनिवार को अजमतगढ़ और हरैया ब्लाक के कई गेहूं क्रय केंद्र और मतदेय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष हर हाल में गेहूं खरीदने और मतदेय स्थल पर पानी,बिजली, प्रकाश जैसी मूल आवश्यकताओं को तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया।
गेहूं क्रय केंद्र नरहन में खरीद का निरीक्षण करते हुए एसडीएम ने कहा कि सापेक्ष के अनुकूल अभी काफी काम खरीद हुई है छुट्टी के दिनों में भी केंद्र को खोलकर किसानों से खरीद की जाए साथ ही मानक के अनुरूप ही गेहूं खरीदा जाए।लोकसभा चुनाव को लेकर ग्राम सभा बनकटा,बैजावारी और सेठाकोली में मतदान स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्यों को तत्काल सभी व्यवस्थाएं ठीक करने का भी निर्देश दिया।

Tuesday, April 16, 2024

पकवाइनार बाजार में नकली रसगुल्ला ( छेना) मिठाई बनाने की चलती है फैक्ट्री।

पकवाइनार बाजार में नकली रसगुल्ला ( छेना) मिठाई बनाने की चलती है फैक्ट्री।

कई वर्षों से चल रहा है यह धंधा, विभागीय अधिकारियों की मिली भगत से चलती है 
नकली रसगुल्ला बनाने की फैक्ट्री।

पाउडर और केमिकल डालकर  बनाया जाता है,नकली रसगुल्ला (छेना) जगह-जगह बाजारों में दुकानदारों को होती है सप्लाई।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के पकवा इनार बाजार में नहर के किनारे एक मकान में कई साल से नकली रसगुल्ला (छेना) मिठाई बनाने की फैक्ट्री चलती है। जो जगह-जगह बाजारों में दुकानों पर सप्लाई की जाती है। विभागीय अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। विभागीय अधिकारियों की मिली भगत से यह धंधा कई वर्षों से चल रहा है।पकवाइनार बाजार में नहर के किनारे एक मकान में पाउडर और केमिकल मिलाकर नकली रसगुल्ला बनाया जाता है।यह कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। जो लोगों के जान के साथ  खिलवाड़ किया जा रहा है‌। इस मिठाई की सप्लाई जीयनपुर,अजमतगढ़, बागखालिस,अंजान शहीद, मनिकाडीह,बाजार गोसाई,मालटारी,बनकट,बिलरियागंज सहित पूरे क्षेत्र में मिठाई की दुकानों पर नकली रसगुल्ला (छेना) की सप्लाई की जाती है। नकली रसगुल्ला की फैक्ट्री चलाने वाला दुकानदारों को रसगुल्ला 100 से 110 रुपए किलो देता है। दुकानदार इस नकली रसगुल्ला को डेढ़ सौ से 200 रुपए किलो बेचते हैं‌। दुकानदारों को भी नकली रसगुल्ला बेचने में अच्छी कमाई हो जाती है। ग्राहक मिठाई की दुकान पर रसगुल्ला लेने जाता है तो दुकानदार कहते हैं कि मेरे दुकान का पेवर रसगुल्ला बना हुआ है। इस तरह नकली रसगुल्ला बेचकर उन ग्राहकों के सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लोग नकली रसगुल्ला खाकर बीमार भी पड़ हैं। विभागीय अधिकारी मौन साधे हुए हैं। इतने दिनों से यह नकली रसगुल्ला बनाया जाता है। लेकिन किसी अधिकारी की निगाह इस तरफ नहीं पड़ती है। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की मिली भगत से ऐसा हो रहा है। वहीं लोगों ने नकली रसगुल्ला बनाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।