जलस्तर में 24 घंटे में 25 सेमी की वृद्धि देवारावासियों की बढ़ी बेचैनी।
बारहवें दिन भी छोड़े गए 292194 क्यूसेक पानी का दिखा असर
बांका,बूढ़नपट्टी के पास दो दिनों से हो रहा है नाव का संचालन
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।
आजमगढ़।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तर में बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में चार दिनों बाद गुरुवार को शुरू वृद्धि शुक्रवार को भी जारी रही और 24 घंटें के अंदर जलस्तर बदरहुआ गेज पर बढ़कर 70.90 मीटर पर पहुंच गया। दो दिनों से बढ़ रहे पानी से ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ने लगी है। गुरुवार को जलस्तर 70.65 मीटर रहा,जबकि शुक्रवार को बढ़कर 70.90 हो गया। यानी गुरुवार की अपेक्षा 25 सेमी की वृद्धि हुई।बांका, बूढ़नपट्टी के पास दो दिनों से नाव का संचालन फिर शुरू कर दिया गया है। राहत की बात यह कि अभी नदी खतरा निशान से 78 सेमी नीचे बह रही थी। मुख्य मापक स्थल बदरहुआ नाले के पास खतरा निशान 71.68 है, जबकि शाम चार बजे नदी का जलस्तर 70.90 मीटर रिकार्ड किया गया। चार दिनों तक जलस्तर में कमी से जहां ग्रामीण राहत की सांस ले रहे थे, वहीं एक बार फिर वृद्धि ने चिंता बढ़ा दी है। इस बीच बारहवें दिन भी 292194 क्यूसेक पानी छोड़ा गया और दो दिनों से उसका असर भी दिखने लगा, जो ग्रामीणों की चिंता का सबब बना हुआ है। इस प्रकार अब तक नदी में कुल 33,01,546 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। अभी फिलहाल राहत की बात यह है कि गांवों में पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन घाघरा नदी के सोता में पानी बढ़ने से नाव के बिना आवागमन मुश्किल हो गया है। झगरहवा में एक बार फिर मंद गति से कटान शुरू हो गई है। इससे ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें उभरने लगी हैं। दूसरी ओर प्रशासन बाढ़ के आसन्न संकट को देखते हुए अलर्ट दिख रहा है। बचाव व राहत कार्य के लिए प्रशासन द्वारा 10 बाढ़ चौकियों की स्थापना के साथ 14 स्थानों को राहत शिविर के लिए चयनित किया जा चुका है। बाढ़ खंड विभाग के साथ सगड़ी तहसील प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।
No comments:
Post a Comment