भुगतान में हीलाहवाली पर प्रधानों ने अजमतगढ़ ब्लॉक में किया प्रदर्शन।
दस फीसदी खुलेआम कमीशन मांगने का लगाया आरोप।
भुगतान की गाइड लाइन का बीडीओ ने नही किया पालन।
(मनोज चतुर्वेदी ब्यूरो प्रभारी आजमगढ़)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगी।
आजमगढ़।
सगड़ी तहसील के क्षेत्र पंचायत अजमतगढ़ में मंगलवार को दर्जनों ग्राम प्रधानों ने बैठक कर खंड विकास अधिकारी पर भुगतान करने के लिए कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया। जिलाधिकारी से इस मामले की जांच करने की मांग की। बैठक के बाद बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ब्लॉक अजमतगढ़ सभागार में नाराज प्रधानों ने बैठक कर बीडीओ के खिलाफ लड़ाई लड़ने की रणनीति बनाया। कठईचा के प्रधान प्रतिनिधि विजय चौहान ने कहा कि ब्लॉक के बीडीओ द्वारा खुलेआम भुगतान के लिए कमीशन मांगा जा रहा है। जो लोग कमीशन नहीं दे रहे हैं उनके भुगतान में जान बूझकर देर की जा रही है। काजी की डिगवनिया के प्रधान दिनेश यादव ने कहा कि आठ महीना पहले मेरे पंचायत भवन का उद्घाटन हो चुका है। पंचायत भवन पूरी तरह से बनकर तैयार है। मैंने अपने पास से पंचायत भवन बनवा दिया।भुगतान को लेकर तरह-तरह से हिला हवाली की जा रही है और कमीशन मांगा जा रहा है। आठ माह से भी अधिक समय हो गए पर भुगतान नही हो रहा है। प्रधान संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि हम प्रधानों का शोषण नहीं होने देंगे। भ्रष्टाचार के खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मामले को हम मुख्यमंत्री तक ले जाएंगे और ब्लॉक के भ्रष्टाचार को खत्म करके ही दम लेंगे।
मनोज प्रधान ने कहा कि भुगतान के लिए जारी गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही है।
गाइडलाइन के मुताबिक पहले अमृत सरोवर,आगनबाडी,पंचायत भवन,स्वयं सहायता समूह,पौधरोपण,व्यक्तिगत लाभार्थी का भुगतान किया जाना है।साथ ही साथ 2020-21 के भुगतान पहले किए जाएं उसके बाद ही अन्य भुगतान हो। आक्रोशित प्रधानों ने बैठक के बाद ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दिया कि यदि भुगतान में भेदभाव हुआ तो लंबी लड़ाई के लिए हम तैयार हैं। बैठक प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र यादव डब्लू की अध्यक्षता में की गई। संचालन डॉक्टर मोहम्मद शाहेदीन ने किया। अन्य लोगों में अनिल कुमार मिश्रा,विजय चौहान,सुमेश यादव,रविन्द्र सिंह,अरविंद सिंह,दिनेश यादव,दीपक यादव,विजय यादव शम्भू,मनोज चौरसिया,छोटू यादव,अजीम नोमान,एकरामुल्ला खान,संजय राम आदि रहे।
No comments:
Post a Comment