मुठभेड़ में दबोचा गया शातिर लुटेरा, पैर में गोली लगने से घायल।
लूटी गई अपाचे बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद; साथियों की तलाश में दबिश जारी।
आजमगढ़।
आजमगढ़ थाना अतरौलिया पुलिस ने एक माह पूर्व हुई बाइक लूट की घटना का खुलासा करते हुए मंगलवार रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उसके कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रिठिया में हुई बाइक लूट की घटना में शामिल एक बदमाश लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल के साथ मदियापार की ओर से बहिरादेव मंदिर की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खदेरूपट्टी के पास घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। गोली लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि मिश्रा (22) पुत्र अनिल मिश्रा निवासी केदरूपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 18 मई की रात अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्राम रिठिया के पास भंजय सिंह को रोककर उनकी अपाचे मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था।पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज हैं। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दूबे, उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता, उपनिरीक्षक अभिषेक यादव, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल मनीष यादव, रणवीर वर्मा, अमन तिवारी, महेश पटेल तथा अमित गिरी शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment