पंचायत निर्वाचन मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा करने के मामले में वांछित ग्राम प्रधान गिरफ्तार।
फर्जी पाण्डुलिपि एवं कूटरचित हस्ताक्षर के माध्यम से मतदाता सूची में हेराफेरी करने के प्रकरण में जीयनपुर पुलिस की कार्रवाई।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।
आजमगढ़।
आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित/वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना जीयनपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पंचायत निर्वाचन से संबंधित मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा एवं कूटरचना के मामले में वांछित अभियुक्त ग्राम प्रधान को गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि तहसील सगड़ी में कार्यरत राजस्व निरीक्षक द्वारा थाना जीयनपुर पर लिखित तहरीर देकर अवगत कराया गया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अन्तर्गत विकास खण्ड अजमतगढ़ की मतदाता पाण्डुलिपियों की जांच के दौरान ग्राम अंजान शहीद वार्ड संख्या 10 से 15 से संबंधित फर्जी पाण्डुलिपि सम्मिलित पायी गयी, जिसमें मतदाताओं के परिवर्धन एवं विलोपन से संबंधित अभिलेखों पर बीएलओ, सुपरवाइजर तथा अन्य अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर किये गये थे। जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि विकास खण्ड अजमतगढ़ में कार्यरत कर्मचारी संतोष भाष्कर द्वारा ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम,उसके सहयोगी नदीम तथा अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर फर्जी पाण्डुलिपि तैयार कर सही सूची में सम्मिलित करायी गयी।जिससे मतदाता सूची में अवैध रूप से हेरफेर किया गया। इस सम्बन्ध में थाना जीयनपुर पर मुकदमा दर्ज कर धारा 3(5), 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 316(5) बीएनएस पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गयी। सोमवार को उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह मय हमराह द्वारा मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त मोहम्मद अजीम पुत्र मोहम्मद नुमान खान निवासी ग्राम अंजान शहीद थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ को पकवाइनार मोड़ स्थित नन्दू की चाय दुकान के पास से समय करीब 06:50 बजे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा जुर्म स्वीकार करते हुए अपनी गलती की माफी मांगी गयी। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
No comments:
Post a Comment