Friday, May 1, 2026

महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,घर के बाहर मिला शव।

महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,घर के बाहर मिला शव।

मायके पक्ष ने पति पर हत्या का लगाया आरोप,फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी रौनापार थाना क्षेत्र के अंतर्गत हैदराबाद बाजार में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान बंदना यादव के रूप में हुई है। जो महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद कीता प्रथम गांव निवासी रामलवट यादव की पुत्री थी। करीब आठ वर्ष पूर्व उसकी शादी मूल रूप से बंगाल के रहने वाले तन्मय विश्वास से हुई थी। तन्मय विश्वास हैदराबाद बाजार में एक डिस्पेंसरी चलातें है और पत्नी व लगभग छह वर्ष की बेटी के साथ वहीं रह रहे थे। शुक्रवार सुबह बंदना का शव घर के पास मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई अजय यादव ने आरोप लगाया है कि तन्मय विश्वास अक्सर उसकी बहन के साथ विवाद करता था और मारपीट करता था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई है। ग्रामीणों के अनुसार भी पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और गुरुवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जायेगी।

No comments:

Post a Comment