Thursday, May 7, 2026

महिलाओं को डरने की जरूरत नहीं कानून उनके साथ::प्रियंका मौर्या

महिलाओं को डरने की जरूरत नहीं कानून उनके साथ::प्रियंका मौर्या।

सुनवाई के दौरान आयोग की सदस्य को पकड़कर रोने लगी पीड़ित महिला।

सगड़ी तहसील के सभागार में हुई महिला सुनवाई। 

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने गुरुवार को सगड़ी तहसील सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायतें लेकर उपस्थित हुईं। काफी दिनों से पीड़ित एक महिला उन्हें पकड़ कर रोने लगी। रोती महिला को चुप कराते हुए उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनसुनवाई में डॉ.प्रियंका मौर्या ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न,कार्यस्थल पर शोषण, संपत्ति विवाद और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों को व्यक्तिगत रूप से सुना। इस दौरान आए 21 प्रार्थना पत्र की सुनवाई की।प्रत्येक शिकायत कर्ता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। 14 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। कई मामलों में संबंधित पुलिस थानों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए,जबकि लंबित मामलों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।डॉ.प्रियंका मौर्या ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर फॉलोअप सुनिश्चित करने और शिकायतकर्ता को जानकारी देने का निर्देश दिया। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को डरने की आवश्यकता नहीं है, कानून उनके साथ है।महिला आयोग हर पीड़ित महिला के साथ खड़ा है।उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।डॉ. मौर्या ने स्पष्ट किया कि आयोग का उद्देश्य केवल सुनवाई करना नहीं, बल्कि पीड़िता को न्याय दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए।जनसुनवाई में उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह,पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार विवेकानंद के अलावा महिला कल्याण विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment