महाराजा सुहेलदेव केवल राजभर समाज के नहीं,बल्कि सर्व समाज के सर्वमान्य योद्धा थे::मंत्री अनिल राजभर
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।
रिपोर्ट मनीष पाण्डेय आजमगढ़:-
आजमगढ़।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने आज आजमगढ़ के माहुल कस्बे स्थित टिकरिया मैदान में आयोजित 'महाराजा सुहेलदेव राजभर जयंती समारोह' को संबोधित करते हुए विपक्ष और अपने ही गठबंधन के सहयोगियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सनातन और हिंदू धर्म की रक्षा करने वाले महाराजा सुहेलदेव को जो सम्मान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने दिया है, वह आजादी के सात दशकों में किसी अन्य सियासी दल ने नहीं दिया। समारोह के दौरान अनिल राजभर ने अपने एनडीए (NDA) के घटक दल 'सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी' (SBSP) का नाम लिए बगैर उनके नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग महाराजा सुहेलदेव के नाम पर अपनी राजनीति चमका रहे हैं और समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। राजभर ने आगाह किया कि राजभर समाज अब ऐसे लोगों के बहकावे में आने वाला नहीं है जो केवल निजी स्वार्थ के लिए समाज का इस्तेमाल करते हैं। मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की, उनकी भव्य मूर्तियां लगवाईं और उनके गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुँचाया। उन्होंने कहा, "महाराजा सुहेलदेव केवल राजभर समाज के नहीं, बल्कि सर्व समाज के सर्वमान्य योद्धा थे, जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं से देश और धर्म की रक्षा की। प्रभारी मंत्री ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, "2022 में भले ही आजमगढ़ में नतीजे हमारे पक्ष में नहीं रहे , लेकिन 2027 में भाजपा यहां की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी और जिले में कमल खिलेगा"। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।इससे पूर्व, समारोह का विधिवत शुभारंभ महाराजा सुहेलदेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण के साथ किया गया।कार्यक्रम में भारी संख्या में राजभर समाज और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य और पराक्रम को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर,पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, काशी प्रांत के क्षेत्रीय मंत्री संदीप सिंह सोनू, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, विनोद राजभर के अलावा तमाम लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम में राजभर समाज के साथ-साथ पिछड़े समाज के लोगों के अलावा सर्व समाज के लोगों की भी भागीदारी रही।
No comments:
Post a Comment