Tuesday, September 7, 2021

प्रधानाध्यापिका और बच्चों के साथ गाली गलौज और मारपीट करने का वीडियो हुआ वायरल।

प्रधानाध्यापिका और बच्चों के साथ गाली गलौज और मारपीट करने का वीडियो हुआ वायरल।

शिक्षका की शिकायत पर शिक्षक निलंबित ।

(मनोज चतुर्वेदी ब्यूरो प्रभारी आजमगढ़)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगी।

आजमगढ़।
सगड़ी अजमतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर के कम्पोजिट विद्यालय में तैनात अध्यापक को स्कूल में प्रधानाध्यापिकाऔर बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। महिला शिक्षक संघ ने इसकी जानकारी मिलने पर आक्रोश जताते हुए बीएसए से शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। बीएसए ने इसका संज्ञान लेते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया है। यह मामला अजमतगढ़ ब्लाक के कम्पोज़िट विद्यालय छपरा सुल्तानपुर का है। सोमवार को महिला शिक्षक संघ के साथ बीएसए को दिए ज्ञापन में महिला प्रधानाध्यापिका रीता देवी ने आरोप लगाया था कि विद्यालय पर नियुक्त शिक्षक विजय कुमार सिंह आये दिन शिक्षकों और बच्चों के साथ मारपीट गाली गलौज करते रहते हैं। इसकी जानकारी प्रधानाध्यापिका द्वारा पूर्व में ही लिखित रूप से खण्ड शिक्षा अधिकारी को दी जा चुकी थी। यह भी आरोप लगाया है कि चार सितंबर को पुनः शिक्षक विजय कुमार सिंह ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीता देवी तथा अन्य शिक्षकों को मारा पीटा तथा गंदी-गंदी गालियां दीं। प्रधानाध्यापिका रीता देवी ने इस घटना की जानकारी BEO को दी तथा यह भी बताया कि पूर्व में भी इस तरह की घटना हो चुकी है। इसकी शिकायत लगातार प्रधानाध्यापिका द्वारा की गयी है, फिर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। घटना की जानकारी जब पीड़िता प्रधानाध्यापिका ने महिला शिक्षक संघ आज़मगढ़ को दी , तो संगठन की अध्यक्ष शिखा मौर्य व अन्य सदस्यों ने प्रधानाध्यापिका रीता देवी को साथ लेकर सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर दोषी शिक्षक को तत्काल दण्डित करने की मांग की थी। साथ ही महिला शिक्षक संगठन ने प्रधानाध्यापिका रीता देवी से महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर भी शिकायत दर्ज करायी थी। यही नहीं पीड़ित प्रधानाध्यापिका के साथ संगठन ने थाना जीयनपुर पर जाकर प्रधानाध्यापिका से मारपीट व गाली गलौज की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। 
संरक्षक सरोज यादव,महामंत्री अंशु अस्थाना , उपाध्यक्ष प्रतिभा श्रीवास्तव , प्रज्ञा राय ने मांग की थी कि जल्द ही दोषी शिक्षक के खिलाफ उचित कार्यवाही की जाए। संगठन से स्नेहलता राय, संगठन मंत्री पारुल, शिखा मौर्य ने चेतावनी दी थी कि शिक्षक के खिलाफ कार्यवाही नहीं की जाएगी तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बच्चों और प्रधानाध्यापिका के साथ स्कूल में गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो वायरल होने तथा महिला शिक्षक संघ की मांग पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर शिक्षक विजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया।

No comments:

Post a Comment