Monday, September 16, 2024

एसडीएम ने किया बाढ़ चौकियों व आश्रय स्थल का निरीक्षण,कर्मचारियों को क्षेत्र में बने रहने का निर्देश।

सरयू का जलस्तर खतरा निशान से 90 सेमी ऊपर।

एसडीएम ने किया बाढ़ चौकियों व आश्रय स्थल का निरीक्षण,कर्मचारियों को क्षेत्र में बने रहने का निर्देश।

एक दर्जन से ज्यादा गांव बाढ़ के पानी से घिरे, 24 घंटे में 59 सेमी की वृद्धि।

तीन बैराजों से छोड़ा गया 3,63,675 क्यूसेक पानी,बढ़ी परेशानी।

(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
 हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।

आजमगढ़।
सगड़ी तहसील के उत्तर दिशा में बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। 24 घंटे में 59 सेमी जलस्तर बढ़ने के साथ जलस्तर खतरा निशान से 90 सेमी ऊपर पहुंच गया। जलस्तर में तीन दिनों से हो रही वृद्धि से देवारा क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।इस बीच कई दिनों से झगरहवा में बंद कटान फिर शुरू हो गई, तो सहबदिया में पहले की तरह से कटान जारी रही। वहीं देवारा क्षेत्र के चक्की, हाजीपुर,देवारा खास राजा,बूूूढ़नपट्टी,बांका, भदौरा,शाहडीह,मानिकपुर,अभ्भनपट्टी,सोनौरा,अजगरा मगर्बी सहित एक दर्जन गांवों के रास्ते डूब चुके हैं और पूरा गांव बाढ़ के पानी से घिर गया है। हालात को देखते हुए सोमवार को एसडीएम नरेंद्र कुमार गंगवार, तहसीलदार विवेकानंद दुबे ने बाढ़ चौकियों के साथ वर्मा श्यामदुलारी डिग्री कालेज में बने आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। बाढ़ चौकी हाजीपुर और जमुवारी पर लोगों से बाढ़ से होने वाली समस्याओं के बारे में पूछा। बदरहुआ गेज पर जलस्तर की जानकारी लिया। बाढ़ खंड के अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि बढ़ते जल स्तर को देखते हुए तटबंध पर सक्रिय रहे। साथ ही सभी कर्मचारियों से क्षेत्र में रहकर स्थिति पर हर पल नजर रखने और उससे अवगत कराते रहने का निर्देश दिया। बाढ़ को देखते हुए क्षेत्र में 53 नावों का संचालन शुरू करा दिया गया है। इस बीच 70वें दिन सोमवार को फिर 3,36,598 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से जलस्तर और भी बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। मुख्य मापक स्थल बदरहुआ नाले के पास खतरा निशान 71.68 मीटर है। रविवार को यहां का जलस्तर 71.99 मीटर रहा जबकि सोमवार को 59 सेमी बढ़कर 72.58 मीटर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से सहबदिया के साथ झगरहवा में फिर कटान शुरू हो गई है।दूसरी ओर सितंबर महीने के अंत तक जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण भी ग्रामीणों की चिंता बनी हुई है। बाढ़ क्षेत्र के 15 गांवों में लगाई गई 53 नाव।सरयू नदी के जलस्तर में लगातर वृद्धि और दर्जन भर से अधिक गांवों के घिरने के बाद प्रशासन ने भी सुधि ली है। क्षेत्र के 15 गांवों में आवागमन के लिए सोमवार को 53 नावों का संचालन शुरू करा दिया गया। राजस्व निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि चक्की हाजीपुर में 10, हाजीपुर में 1, मानिकपुर में 1, सोनौरा में 1, अजगरा मगर्बी में 1, शाहडीह में 4, बांका में 5, देवारा खास राजा में 10, अराजी अजगरा मशर्की में 4, बूढ़नपट्टी में 6, भदौरा में 4, अभ्भनपट्टी में 3, अराजी अजगरा मगर्बी में 1, सेमरी में 1 व पहाड़पुर में 1 नाव की अभी व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर उसकी संख्या और भी बढ़ाई जा सकती है।

No comments:

Post a Comment