Friday, May 6, 2022

सीपू सिंह हत्याकांड के आरोपित संग्राम सिंह की कुर्क जमीन की दोबारा हुई पैमाइश।

सीपू सिंह हत्याकांड के आरोपित संग्राम सिंह की कुर्क जमीन की दोबारा हुई पैमाइश।

जिलाधिकारी के आदेश पर कुर्क की गई थी अभियुक्त के पत्नी की जमीन। 

तहसीलदार ने प्रमोद सिंह के भट्टे पर लगा कुर्की का बोर्ड हटवाया।

(मनोज चतुर्वेदी ब्यूरो प्रभारी आजमगढ़)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगी।

आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के आरोपित एवं गैंगेस्टर एक्ट के अभियुक्त संग्राम सिंह की पत्नी के नाम की  दिलशादपुर गांव में 26 बिस्वा जमीन को 14 अप्रैल 2022 को तहसीलदार ने कुर्क कर लिया था और कुर्की का बोर्ड लगवा दिया। कुर्की के दिन ही पनशब्दा गांव निवासी प्रमोद सिंह ने इस कार्रवाई पर आपत्ति की थी। प्रमोद सिंह की आपत्ति पर जिलाधिकारी ने आरोपित की जमीन को पुन: चिन्हित करने का निर्देश तहसीलदार को दिया था।
शुक्रवार को तहसीलदार सगड़ी अभिषेक कुमार सिंह ने मौके की दोबारा पैमाइश कराई और भट्ठे पर लगे कुर्की के बोर्ड को हटवाया। जीयनपुर कोतवाली के अलियाबाद कटाई गांव निवासी संग्राम सिंह पुत्र रामरंग सिंह सीपू सिंह हत्याकांड में आरोपित है। इनके ऊपर धारा 14( 1) गिरोह बंदी एवं समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त होने के तहत गुंडा एक्ट भी लगा है। आरोपित ने डरा धमका कर दिलशादपुर के सिवान मे 78 बिस्वा जमीन में से 26 बिस्वा जमीन अपनी पत्नी के नाम बैनामा करा लिया था। जिलाधिकारी के आदेश पर 14 अप्रैल को संग्राम सिंह की पत्नी के नाम दर्ज जमीन को तहसीलदार सगड़ी ने कुर्क कर लिया और बगल में ही कुर्की का बोर्ड लगवा दिया। जीयनपुर कोतवाली के पनशब्दा गांव निवासी प्रमोद सिंह ने कुर्की की कार्रवाई को गलत बताते हुए जिलाधिकारी के यहां अपील किया और बताया कि जिस जमीन को चिन्हित कर कुर्क किया गया है वह मेरी है। जिस पर मेरा भट्ठा चलता है। माफिया संग्राम की पत्नी की जमीन चिन्हित जमीन से पश्चिम स्थित है। अपनी अपील में प्रमोद सिंह ने कहा कि मौके पर कुल 78 बिस्सा जमीन है जिसमें से मात्र 26 बिस्वा जमीन आरोपित संग्राम सिंह की पत्नी के नाम से है। उसे ही कुर्क किया जाए। प्रमोद सिंह की अपील पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को 29 अप्रैल 2022 को पुन: जमीन को चिन्हित करने का निर्देश दिया। तहसीलदार सगड़ी ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर पैमाइश किया और जमीन को चिन्हित कर पूर्व मे लगाए गए कुर्की के बोर्ड को हटवा कर शुक्रवार को पैमाइश के बाद चिन्हित जमीन पर नसब करवा दिया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली यादवेंद्र पान्डेय,राजस्व निरीक्षक प्रदीप श्रीवास्तव और कई लेखपाल  उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment