कटान क्षेत्र मे चल रही तैयारी की एसडीएम ने जानी हकीकत।
गागेपुर परसिया मे खतरे वाले बंधे की हो रही है मरम्मत।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगी।
आजमगढ़।
सगड़ी तहसील के उत्तरी भाग में स्थित सरयू नदी के जलस्तर में 3 दिनों से वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछली बार बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए बांध की मरम्मत का काम इस समय तेजी से चल रहा है। एसडीएम सगड़ी अतुल कुमार गुप्ता ने रविवार को चल रहे काम की हकीकत जानी और बाढ़ खंड के कर्मचारियों को इसे त्वरित और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने गागेपुर कटान स्थल का भी निरीक्षण किया। पिछले एक सप्ताह से सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिससे देवारा के क्षेत्र के लोगों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। नदी प्रतिवर्ष भीषण तबाही मचाती है। सैकड़ों एकड़ उपजाऊ कृषि की जमीन और कई मकान नदी की धारा में विलीन हो जाते हैं। रविवार को उपजिलाधिकारी सगड़ी अतुल कुमार गुप्ता ने ग्राम परसिया, सहबदिया,महुला,हाजीपुर,हैदराबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की एक-एक करके जानकारी ली। अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि बाढ़ को देखते हुए सभी दसों चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों को क्षेत्र में रहने का निर्देश दिया गया है।सभी नाविकों को सुरक्षा के किट उपलब्ध कराए गए हैं। नाव की मरम्मत करा दी गई है। चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि बाढ़ के समय सर्पदंश से ज्यादा मौतें होती हैं। इसलिए अस्पतालों में सर्पदंश की दवाई उपलब्ध हैं। सभी लोग संभव हो तो बाहर निकलते समय जूता मोजा का प्रयोग करें। वज्रपात से भी लोगों की मौत हो रही है। ऐसे में आवश्यक सावधानियों का ध्यान रखें। उन्होंने रेगुलेटर में हुई आईलिंग का भी निरीक्षण किया।
No comments:
Post a Comment