ग्राहक बनकर आये युवकों ने मेडिकल स्टोर के दराज से 20 हजार रुपये लेकर हुए फरार।
दिनदहाड़े मेडिकल स्टोर में शातिरों का हाथ साफ।
सामान खरीदने के बहाने उड़ाए 20 हजार रुपये,जांच में जुटी पुलिस।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।
आजमगढ़।
सगड़ी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अंजान शहीद बाजार चौक स्थित अफाक मेडिकल स्टोर में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब दो शातिर युवक सामान खरीदने के बहाने दुकान में घुसे और मौका पाकर दराज में रखे 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में दहशत और व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।अफाक मेडिकल स्टोर के मालिक जावेद अख्तर प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 11 बजे अपनी दुकान खोलकर बैठे थे। इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे और फेसवॉश तथा शैम्पू मांगने लगे। दुकानदार ने सामान्य ग्राहक समझते हुए उनसे सामान पूछकर अंदर की ओर रैक से सामान निकालने दुकान के अंदर चला गया।जैसे ही जावेद अख्तर दुकान के अंदर गए,तभी दोनों युवकों ने अपने शातिर दिमाग का इस्तेमाल करते हुए काउंटर के दराज में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए और जेब में रखकर बाहर निकल गए।जाते-जाते उन्होंने दुकानदार से कहा कि वह सामने चाय की दुकान तक जा रहे हैं और अभी वापस आकर सामान ले लेंगे।उनके चले जाने पर दुकानदार जावेद अख्तर कुछ देर तक दोनों युवकों का इंतजार करते रहे। लेकिन जब काफी समय बीत गया और वे वापस नहीं लौटे तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने सामान वापस रखते हुए दराज में रखे रुपये चेक किए तो पैसे गायब मिले। यह देखते ही उनके होश उड़ गए और वह स्तब्ध रह गए।इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी और शातिर युवकों की तलाश शुरू की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द पकड़ा जा सके।पर दिन दहाड़े इस तरह हुए वारदात से व्यापारियों में दहशत है। दुकानदार का कहना है कि बाजार में लगातार भीड़भाड़ रहती है।पर इस तरह की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने की मांग की है।समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गयी थी कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल स्टोर से रुपए चोरी होने का शिकायत मिली है जांच की जा रही है।
No comments:
Post a Comment