मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में लापरवाही पर लेखपाल निलंबित।
आर्थिक लाभ के लिए जानबूझकर पत्रावली जमा ना करने का आरोप।
(मनोज चतुर्वेदी समाचार आजमगढ़ लाइव)
हर खबर पर नजर सच है तो दिखेगा।
आजमगढ़।
सगड़ी उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ देने के लिए दो हजार रुपए सुविधा शुल्क लेने और जानबूझकर पत्रावली जमा करने में विलंब करने के आरोपित बासुपार बनकट मंडल के लेखपाल मोहम्मद नफीस अहमद को शनिवार को देर शाम निलंबित कर दिया।तहसीलदार सगड़ी की 9 मई 2026 की आख्या के अनुसार बासुपार बनकट निवासिनी आशा देवी के पति की मृत्यु 10 नवंबर 2025 को मार्ग दुर्घटना में हो गई थी। आशा देवी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत सभी साक्षी मृत्यु के दो माह के अंदर क्षेत्रीय लेखपाल मोहम्मद नफीस अहमद को उपलब्ध करा दिया था।पीड़ित आशा देवी ने संभ्रांत व्यक्तियों के समक्ष बयान दिया था कि लेखपाल मोहम्मद नफीस ने मुझे दस हजार रुपए की मांग की थी। 2000 उसने कोटेदार के घर पर लेखपाल को दिया। आरोपित है कि लेखपाल द्वारा अलग-अलग समय अंतराल पर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से संबंधित कागजात मांगे जाते थे,जिसे पीड़िता का बड़ी मुश्किल से उपलब्ध कराती थी। इस आशय का शपथ पत्र भी उसने तहसीलदार के सामने उपलब्ध कराया कि समस्त साक्ष्य समय सीमा के अंदर ही उपलब्ध करा दिया गया था। शेष बचे आठ हजार रुपए की मांग लेखपाल द्वारा बार-बार की जाती रही। तहसीलदार ने अपनी आख्या में कहा कि कोटेदार,ग्राम प्रधान व अन्य संभ्रांत व्यक्तियों के मौखिक बयान से प्रतीत होता है कि क्षेत्रीय लेखपाल मोहम्मद नफीस द्वारा जान बुझ कर साक्ष्य लेने में विलंब किया गया। यह भी अवगत कराया गया कि लेखपाल द्वारा स्वयं अपने बयान में कहा गया की आवेदिका का बैंक पासबुक लेने के 15 /20 दिन बाद पीड़िता की पुत्री का बैंक पास बुक मांगा गया। जबकि लेखपाल यदि चाहते तो तत्काल एक साथ ही बैंक पासबुक प्राप्त कर लेते।इससे स्पष्ट होता है कि क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा आर्थिक लाभ हेतु मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अभिलेख जानबूझकर प्राप्त होने के बावजूद रजिस्टार कार्यालय सगड़ी में उपलब्ध नहीं कराया गया। तहसीलदार की आख्या पर उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह ने शनिवार को देर शाम लेखपाल की लापरवाही,कार्य दायित्वों के प्रति उदासीनता और उच्च स्तर से दिए गए निर्देशों की अवहेलना में लेखपाल को निलंबित कर दिया।
No comments:
Post a Comment